रायगढ़ : ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात शव की हुई पहचान, योगेश कश्यप की हत्या के मामले में एक आरोपी और चार नाबालिग
Vivek Sahu
Wed, Oct 28, 2026
रायगढ़ (दैनिक न्यूज उड़ान) जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास 24 अक्टूबर को मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है।
मृतक की पहचान योगेश कश्यप (32 वर्ष), निवासी उच्चभिट्ठी, किरोड़ीमलनगर, रायगढ़ के रूप में हुई है। मामले में जूटमिल पुलिस पहले ही एक आरोपी योगेश सारथी और चार विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज चुकी है।
फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।
सोशल मीडिया पर खबर देखकर परिजनों ने की पहचान।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक योगेश कश्यप के पिता स्वर्गीय दिलहरण कश्यप मूल रूप से महादेव मंदिर के पास, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के निवासी थे। वे स्थानीय जिंदल प्लांट में कार्यरत थे।
इसी दौरान परिवार ने उच्चभिट्ठी, किरोड़ीमलनगर में मकान बनाकर रहना शुरू किया था।
योगेश विवाहित था और उसकी तीन वर्षीय बेटी है। पत्नी से अनबन के चलते वह बेटी को लेकर अलग रह रही थी।
योगेश अपनी मां के साथ उच्चभिट्ठी में रहता था और पूंजीपथरा स्थित बीएस प्लांट में काम करता था।
उसकी बहन बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में कार्यरत है।
परिजनों के मुताबिक, योगेश अक्सर काम के बाद दोस्तों के साथ बाहर रुक जाता था। जब वह एक-दो दिन तक घर नहीं लौटा, तो परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए।
इसी दौरान सोशल मीडिया पर ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति की हत्या से संबंधित खबर सामने आई। मृतक का हुलिया योगेश से मिलता-जुलता होने पर परिजन मेडिकल कॉलेज रायगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान योगेश कश्यप के रूप में की।
बेटे की मौत से परिवार सदमे में, आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग
योगेश की हत्या की पुष्टि होने के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं।
उन्होंने पुलिस से मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सख्त सजा दिलाने की मांग की है।
जूटमिल थाना प्रभारी अभिनवकांत सिंह ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले में ठोस साक्ष्य संकलित कर आरोपी और विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध न्यायालय में प्रभावी अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिल सके।
मर्ग जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज, पांच की गिरफ्तारी
उल्लेखनीय है कि 24 अक्टूबर को ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास अज्ञात शव मिलने के बाद जूटमिल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
जांच के उपरांत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी योगेश सारथी और चार विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।
फिलहाल मामले की विवेचना जारी है, पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय में प्रभावी अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जाएगा।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन